UP WEATHER TODAY. उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बारिश हो रही थी. बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से थोड़ी राहत मिली थी. लेकिन अब फिर से लोगों को तेज गर्मी और तपिश का सामना करना होगा. आने वाले एक हफ्ते में पारा 5 से 7 डिग्री चढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग 9 जून से लेकर 11 जून तक लू का अलर्ट जारी किया है. यानी लोगों को एक बार फिर झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा. हालांकि सोमवार के लिए विभाग की ओर से किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है. आज मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, मेरठ, आगरा, मथुरा और गाजियाबाद समेत आसपास के जनपदों में तापमान में वृद्धि हो सकती है. वहीं 11 जून से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. चूंकि भारत में मानसून का प्रवेश हो चुका है, लिहाजा इसका असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा. विभाग ने 11 से 13 जून के दौरान पूरे प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 8 June: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

तापमान की बात करें तो रविवार को प्रदेशभर में परेशान कर देने वाली गर्मी महसूस हुई. खासकर बुंदेलखंड और दक्षिणी जनपदों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा. रविवार को बांदा, झांसी, प्रयागराज, फर्रुखाबाद और कानुपर में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया. जिसमें सबसे ज्यादा तापमान बांदा में रिकॉर्ड हुआ. यहां का तापमान 43.2 डिग्री रहा. वहीं, झांसी में 43.2 डिग्री, प्रयागराज में 42.8 डिग्री, कानपुर में 42.4 डिग्री और फर्रुखाबाद में 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.