उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर बढ़ रहा है. 18 अप्रैल से एक बार फिर गर्मी का असर तेज होने वाला है. IMD के मुताबिक, 18 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम फिर से शुष्क रहने वाला है. शनिवार को तेज धूप रहने के साथ अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं. विभाग के मुताबिक आगामी 5 से 7 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.

शुक्रवार शाम को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अचानक मौसम ने करवट ली. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई. इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई. विभाग के मुताबिक इस बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक बनी ट्रफ लाइन का असर है. इन सिस्टम्स की वजह से वातावरण में नमी बढ़ी है. जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 18 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

राजधानी लखनऊ और कानपुर में भी बादलों की आवाजाही बनी रही. इसके चलते उमस बढ़ गई और लोगों को गर्मी से ज्यादा परेशानी महसूस हुई. लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है, जिससे गर्मी का असर बना रहेगा. विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना के बीच लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने और हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. आंधी-तूफान के दौरान खुली जगहों से दूर रहें. किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि तेज और शुष्क हवाएं फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.