UP Weather Today. उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मानसून की एंट्री से पहले प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है. आज भी मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जनपदों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. वहीं दूसरी तरफ पूर्वी यूपी में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक 22 जून को पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 22 और 23 जून को बस्ती समेत इसके आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है. लिहाजा तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है.
इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 22 June: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज जैसे शहरों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. सोमवार को राजधानी लखनऊ में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और पारा 42 डिग्री के पार जा सकता है. कानपुर में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है. यहां तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है. साथ ही पूर्वांचल के बलिया और वाराणसी में भी लू चलने की संभावना है. यहां भी तापमान 40 के पार जा सकता है.

