UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. प्रदेश के कई जिलों में हुई छिटपुट बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिली है. भारतीय मौसम विज्ञान ने आज प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार, गाजियाबाद और नोएडा समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में 25 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में हीटवेव चल सकती है. वहीं वाराणसी और उसके आसपास के इलाकों में 25 जून को मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं. वहीं दूसरी तरफ गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ और वाराणसी समेत कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. गुरुवार को लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और लखनऊ समेत प्रदेश के 9 जिलों में लू का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. इधर विभाग ने 27 जून को प्रदेश में मानसून की एंट्री होने की संभावना जताई है.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 25 June: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

यूपी में कब-कब आया मानसून

2022:- मानसून 20 से 25 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंचा था.
2023:- मानसून 24 जून को बिहार से बलिया और देवरिया होते दाखिल हुआ.
2024:- 25 जून को ललितपुर के रास्ते यूपी में दाखिल हुआ था.
2025:- 18 जून को झांसी, ललितपुर और सोनभद्र के रास्ते यूपी पहुंचा.
2026:- 25 जून के बाद यूपी में दाखिल होने की संभावना.

कब आएगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि इस वक्त मानसून बंगाल और बिहार के आसपास है. यूपी तक पहुंचने में इसे अभी 2-4 दिन और लगेंगे. मौसम विभाग की मानें तो 25 जून के बाद मानसून की दस्तक यूपी में हो सकती है जो कि सामान्य मानसून की तुलना में करीब 3 से 5 दिन तक लेट होगा.