रणधीर परमार, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली शिवनगर कॉलोनी में एक पत्नी ने अपने ही पति की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला अपने दो मासूम बच्चों को साथ लेकर सीधे थाने पहुंची और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। महिला के आत्मसमर्पण करते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मृतक का शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शराब और मारपीट बनी हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जाँच में हत्या की वजह गंभीर पारिवारिक विवाद सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक पति, दीनदयाल कुशवाहा, अत्यधिक शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट व घरेलू हिंसा करता था। घटना के वक्त मृतक अपनी ससुराल (शिवनगर कॉलोनी) आया हुआ था, जहाँ दोनों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर पत्नी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे दीनदयाल की मौके पर ही मौत हो गई।
कोर्ट में पेश होना था तलाक का मामला
सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) आशुतोष श्रोत्रिय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। स्थिति यहाँ तक पहुँच चुकी थी कि दोनों के बीच तलाक (Divorce) का प्रकरण भी तैयार हो चुका था, जिसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाना था। लेकिन उससे पहले ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया।

