राघव विज, अंबाला। अंबाला कैंट का सिविल अस्पताल गुरुवार को उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब एक शख्स ने ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आए सुरक्षाकर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने सुरक्षाकर्मी की आंखों में सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाला केमिकल डाल दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

एमएलआर कटवाने आया था आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी व्यक्ति कहीं बाहर झगड़ा करने के बाद अपनी एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) कटवाने अस्पताल पहुंचा था। उस समय इमरजेंसी वार्ड में डॉ. रितिका ड्यूटी पर तैनात थीं। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में उसी समय दो ‘ब्रॉट डेड’ केस आए हुए थे, जिसके कारण उन्होंने मरीज से कुछ देर इंतजार करने का अनुरोध किया। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। डॉक्टर का आरोप है कि आरोपी ने उनका हाथ पकड़ा और हमला करने का प्रयास किया।

सुरक्षाकर्मी की आंखों में डाला केमिकल

जब अस्पताल के सुरक्षाकर्मी ने महिला डॉक्टर को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और उसकी पगड़ी उतार दी। आक्रोश में आकर आरोपी ने पास रखा फर्श साफ करने वाला केमिकल उठाया और गार्ड की आंखों पर फेंक दिया। केमिकल के कारण सुरक्षाकर्मी की आंखों में गंभीर चोट आई है और उसे धुंधला दिखाई दे रहा है। फिलहाल अस्पताल में ही उसका उपचार जारी है।

आरोपी पुलिस हिरासत में

घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। डॉक्टर के अनुसार, आरोपी पूरी तरह होश में था और उसने जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।