परेवज खान, शिवपुरी। कृषि उपज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव उस समय विवादों में घिर गया, जब प्रोटोकॉल की अनदेखी से नाराज महिला जनप्रतिनिधियों ने मंच छोड़ दिया। निर्वाचित महिला नेत्रियों को अगली पंक्ति के बजाय पीछे बैठाए जाने पर यह हंगामा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रोटोकॉल उल्लंघन से बढ़ा विवाद

बलराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मंडी प्रबंधन द्वारा भारी अव्यवस्था देखने को मिली। मंच की अग्रिम पंक्ति में प्रशासनिक अधिकारियों और पुरुष जनप्रतिनिधियों को जगह दी गई, जबकि जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर आईं महिलाओं को पीछे धकेल दिया गया। इसे अपना और पद का अनादर मानते हुए- जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा मंच से उतरकर नीचे आ गईं। जिला पंचायत सदस्य भारती रावत ने अपना विरोध जताते हुए कार्यक्रम का ही बहिष्कार कर दिया और वापस लौट गईं।

विधायक ने संभाला मोर्चा

मंच पर हंगामा होते देख और मामला बिगड़ता पाकर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन खुद मंच से नीचे उतरे। उन्होंने नाराज महिला नेत्रियों को मनाया, उनसे बातचीत की और सम्मानपूर्वक उन्हें आगे की पंक्ति में स्थान दिलवाया। विधायक की मान-मनौव्वल के बाद ही कार्यक्रम की कार्यवाही आगे बढ़ सकी। महिला जनप्रतिनिधियों के इस तरह अपमानित होने पर स्थानीय लोगों और उपस्थित जनसमूह ने मंडी प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m