कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एसपी कार्यालय (SP Office) में उस वक्त भारी बवाल और गहमागहमी मच गई, जब पुलिस कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और एएसपी (ASP) आयुष जाखड़ के बीच तीखी झड़प हो गई। एएसपी के कथित रवैये और भाषा से नाराज कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जितिन राज का हाल ही में एक दुर्गा पंडाल को लेकर पुलिस के साथ विवाद हो गया था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने विजयनगर थाने में कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले में पुलिस की एकतरफा कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने और न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एसपी ऑफिस पहुंचे थे।
एएसपी और विधायक के बीच तीखी बहस
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त और गरमा गया जब एएसपी आयुष जाखड़ और विधायक लखन घनघोरिया आमने-सामने आ गए। एएसपी के बर्ताव पर कड़ा ऐतराज जताते हुए विधायक घनघोरिया भड़क उठे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी आईपीएस अधिकारी का रवैया इस तरह का नहीं हो सकता। विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “हमारे घरों में भी कई आईपीएस अधिकारी हैं, और इस तरह की भाषा व रवैया कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
सत्ता के दबाव में आकर मनमानी कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जितिन राज ने भी पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की कड़ी आलोचना की है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस सत्ता के दबाव में आकर मनमानी कार्रवाई कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ऑफिस में पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुए इस तीखे टकराव के बाद स्थानीय राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

