हेमंत शर्मा, इंदौर। नशा मुक्ति के नाम पर संचालित एक केंद्र में युवक की मौत के बाद ऐसा हड़कंप मचा कि वहां मौजूद लोग बाहर की ओर भागने लगे। इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन चौराहे के पास एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक के फांसी लगाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से बाहर निकलकर भाग गए।
बताया जा रहा है कि नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र के भीतर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोगों के केंद्र से भागने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में लोग नशा मुक्ति केंद्र से बाहर निकलकर भागते दिखाई दे रहे हैं। युवक की मौत के बाद केंद्र में आखिर ऐसी स्थिति कैसे बनी और वहां की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी, अब यह पुलिस जांच का विषय है।
घटना की सूचना मिलते ही रावजी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और मौत के बाद कई लोग केंद्र से कैसे बाहर निकल गए। रावजी बाजार पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

