शेख आरिफ, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी है। विवाद के दौरान आदिवासी समाज के एक व्यक्ति की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर धावा बोल दिया।

लाइसेंसी हथियार से मारी गोली

दरअसल घटना श्योपुर जिले के करहल थाना इलाके के पनवाड़ गांव की है। जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। हत्या के शिकार हुए युवक का नाम गंगाराम आदिवासी बताया जा रहा है।आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया और गंगाराम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

थाने का घेराव, पुलिस की गाड़ी तोड़ी

गंगाराम की मौत की खबर फैलते ही आदिवासी समाज का गुस्सा फूट पड़ा। इंसाफ की मांग को लेकर फरियादी पक्ष और गांव के एक सैकड़ा (100) से अधिक आदिवासी समाज के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर सीधे करहल थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना परिसर में प्रवेश कर लिया और वहां खड़ी पुलिस की गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस और आदिवासियों के बीच तीखी बहस और जमकर झड़प हुई। स्थिति को बेकाबू होता देख और भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई में आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

6 पर मामला दर्ज, 3 आरोपी हिरासत में

घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले में जदबीर जाट और जितेंद्र जाट को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों को राउंडअप (हिरासत में) कर लिया है। 3 अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्योपुर एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m