रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थानीय बीजेपी नेता रॉकी आहूजा के साथ कुछ लोगों द्वारा जमकर मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस कायमी (Cross FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपनी कपड़े की दुकान पर मौजूद थे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय बीजेपी नेता रॉकी आहूजा राजवाड़ा स्थित अपनी कपड़े की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग अचानक वहां पहुंचे और उनके साथ तीखी बहस के बाद जमकर मारपीट शुरू कर दी। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

छेड़छाड़ का लगाया गया गंभीर आरोप

सूत्रों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिटाई करने वाले लोगों का आरोप है कि भाजपा नेता रॉकी आहूजा द्वारा एक महिला का पीछा किया गया था और उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसी बात से आक्रोशित होकर लोगों ने दुकान पर पहुंचकर उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच

इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मामले में शहर कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन और बयानों को गंभीरता से लेते हुए क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m