Odisha Desk, कटक: रेवेनशॉ विश्वविद्यालय में चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हॉस्टल प्रशासन में बड़े बदलावों के बावजूद नए-नए मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय का माहौल गरमाया हुआ है। अब रेवेनशॉ सिनेट (Senate) में कटक सदर विधायक प्रकाश सेठी को शामिल न किए जाने का मुद्दा तूल पकड़ चुका है, जिससे राजनीतिक गलियारों में भी बयानबाजी और बहस तेज हो गई है।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष विश्वजीत मोहंती ने इस पूरे मामले को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति को निशाने पर लिया है। मोहंती ने आरोप लगाया कि, सिनेट की सूची से स्थानीय विधायक प्रकाश सेठी को बाहर रखकर लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी की गई है। कुलपति विश्वविद्यालय में प्रोफेसरों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। इन गंभीर आरोपों के साथ ही कांग्रेस नेता ने कुलपति को उनके पद से तत्काल हटाने की मांग की है।

सिनेट गठन में हुई इस अनदेखी को लेकर ‘रेवेनशॉ सुरक्षा मंच’ ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंच के प्रतिनिधियों ने कटक के जिलाधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि परंपरा और नियमानुसार कटक सदर के विधायक को सिनेट में तुरंत शामिल किया जाए।

दूसरी ओर, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संघ की ओर से भी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर कुलपति के साथ जल्द बैठक किए जाने की संभावना है। शिक्षकों के असंतोष और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संघ अपनी बात कुलपति के सामने रखेगा।

हॉस्टल व्यवस्था में प्रशासनिक फेरबदल के बाद भी रेवेनशॉ विश्वविद्यालय में जारी तनाव कम नहीं हो रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रोफेसर संघ और कुलपति की वार्ता से क्या नतीजा निकलता है और सिनेट को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m