शिखिल ब्यौहार/कुमार इंदर। भोपाल/जबलपुर। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश कोटे से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध अब सूबे में तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के तीखे तेवरों और प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भोपाल में विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने सुबह-ससुबह ही कांग्रेस नेताओं के घरों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया या नजरबंद कर दिया। वहीं, जबलपुर में कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए।

कई नेता थानों में नजरबंद

हरदीप सिंह पुरी को काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन के कांग्रेस के ऐलान के बाद भोपाल कमिश्नरेट ने कड़ा एक्शन लिया है। शुक्रवार तड़के सुबह करीब 5 बजे से ही पुलिस ने प्रमुख कांग्रेसी नेताओं के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें घेर लिया। युवा कांग्रेस नेता अंकित दुबे को हबीबगंज थाने में रखा गया है। मोहित सक्सेना को अयोध्या नगर थाने और अमित खत्री को ऐशबाग थाने में बैठाया गया है। इसके अलावा कई अन्य नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया है ताकि वे विरोध प्रदर्शन स्थल तक न पहुँच सकें।

कांग्रेस ने फूंका पुतला, दी उग्र चेतावनी

दूसरी ओर, संस्कारधानी जबलपुर में कांग्रेस पार्टी ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस के प्रवक्ता प्रवीण चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हरदीप पुरी का पुतला जलाकर विरोध जताया। दागियों को राज्यसभा भेजने का आरोप: कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ऐसे चेहरों को उच्च सदन भेज रही है जिन पर सवालिया निशान हैं।

एपस्टीन फाइल्स का मुद्दा

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हरदीप पुरी का नाम एपस्टीन फाइल्स में आने का गंभीर आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि हरदीप पुरी ने अपना नाम वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में बीजेपी के बड़े मंत्रियों के भी पुतले जलाए जाएंगे और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की इस सीट को लेकर उपजा यह राजनीतिक विवाद फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है, और आने वाले दिनों में इस पर सियासी सरगर्मी और तेज होने के आसार हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m