शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी मंत्रियों के “परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड” और मुख्यमंत्री की वन-टू-वन समीक्षा बैठकों के बीच सियासत गरमा गई है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने एक कथित आंतरिक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया है।
नागर सिंह चौहान शराब कारोबारी
नेता प्रतिपक्ष ने प्रभारी मंत्री के बयान का हवाला देते हुए दावा किया है कि बीजेपी की एक बैठक में खुद प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने कहा- “नागर सिंह चौहान शराब कारोबारी हैं, उनसे समन्वय नहीं कर सकते।” नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीजेपी सरकार के मंत्री अब बंद कमरों से निकलकर एक-दूसरे पर सरेआम शराब कारोबार से जुड़े होने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने इसे ही मंत्रियों का असली “परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड” करार दिया।
उमंग सिंगार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घेरते हुए पूछा है कि- क्या इस बयान के सामने आने के बाद संबंधित मंत्री पर कोई कार्रवाई की जाएगी, या फिर भाजपा में ‘माफिया राज’ और ‘शराबखोरी’ ही अब नई व्यवस्था बन चुकी है?
सरकार को घेरने की रणनीति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा (रिव्यू) के बीच विपक्ष को यह एक बड़ा मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस अब इस बयान को लेकर कैबिनेट मंत्रियों के बीच आपसी तालमेल और भ्रष्टाचार के आरोपों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।

