हेमंत शर्मा, इंदौर। माता की चौकी के आयोजन में बैनर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इंदौर में कथित तौर पर मारपीट और घर में घुसकर हमला करने तक पहुंच गया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के तेजपुर गड़बड़ी स्थित काली मल्टी में रहने वाले एक ऑटो चालक ने आरोप लगाया है कि माता की चौकी के पंडाल में बैनर लगाने का विरोध करने पर कुछ मुस्लिम युवकों ने पहले उसके साथ मारपीट की और इसके बाद उसके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ACP निधि सक्सेना के मुताबिक मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।

बैनर पर आपत्ति और फिर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक तेजपुर गड़बड़ी की स्कीम नंबर 103 में रहने वाले ऑटो चालक सुरेश साह अपने घर के सामने सड़क पर बने पंडाल में माता की चौकी का बैनर लगा रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान काली मल्टी में रहने वाले कुछ मुस्लिम युवक वहां पहुंचे और बैनर लगाने को लेकर आपत्ति जताई। सुरेश ने कथित तौर पर कहा कि यह धार्मिक कार्यक्रम का बैनर है और इसे लगाया जाएगा। बस इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप है कि कहासुनी के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। सुरेश ने इसका विरोध किया तो एक युवक ने कथित तौर पर बल्ली उठाकर उनके बाएं हाथ पर हमला कर दिया। इसके बाद कई अन्य लोगों ने भी लात-घूंसों से मारपीट की।

शोर सुनकर परिवार पहुंचा तो उनसे भी मारपीट का आरोप

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। शिकायत के मुताबिक शोर सुनकर सुरेश की पत्नी सपना, सास द्वारिकाबाई और रिश्तेदार रोहित मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ भी मारपीट की।आरोप है कि इसके बाद कुछ आरोपी सुरेश के घर में घुस गए और उनके बेटों विकास और आकाश को घसीटते हुए बाहर लाकर उनके साथ भी मारपीट की।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जाते-जाते आरोपियों ने जान से खत्म करने की धमकी दी। यानी जिस विवाद की शुरुआत एक बैनर लगाने को लेकर हुई, वह देखते ही देखते पूरे परिवार के साथ कथित मारपीट तक पहुंच गया।पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर माता की चौकी के बैनर को लेकर शुरू हुई बहस इतनी हिंसक कैसे हो गई? क्या विवाद अचानक बढ़ा या इसके पीछे पहले से कोई रंजिश थी?

5 गिरफ्तार, बाकी की तलाश

मामला सामने आने के बाद राजेंद्र नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ACP निधि सक्सेना के मुताबिक पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की वास्तविक शुरुआत कैसे हुई और इसमें किस-किस की क्या भूमिका रही।

पुलिस की जांच के घेरे में कई आरोपी

माता की चौकी जैसे धार्मिक आयोजन में एक बैनर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगर वास्तव में घर में घुसकर पूरे परिवार से मारपीट तक पहुंचा है, तो मामला गंभीर है। हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी।फिलहाल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m