सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत MPEB कॉलोनी के पीछे एक निजी मकान में चल रही गुप्त प्रार्थना सभा को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियों की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ वहां मौजूद लोगों ने जमकर मारपीट की। इस घटना के बाद घायल कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे, वहीं मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमोड़ी थाना क्षेत्र के MPEB कॉलोनी के पीछे एक निजी घर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 200 लोग मौजूद थे। इलाके में धर्मांतरण (Religious Conversion) का खेल चलने की भनक लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता स्थिति का जायजा लेने और विरोध दर्ज कराने वहां पहुंचे थे। मौके पर मौजूद भीड़ और आयोजकों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

जिला अस्पताल की नर्स भी संलिप्त

जिला अस्पताल के स्टाफ पर गंभीर आरोप: बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि इस पूरी गतिविधि में जिला अस्पताल में पदस्थ एक स्टाफ नर्स भी संलिप्त थी। घटना के बाद घायल कार्यकर्ता अपना उपचार कराने और रिपोर्ट दर्ज कराने जिला अस्पताल पहुंचे।

दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच शुरू

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तनाव और हंगामे की स्थिति साफ देखी जा सकती है। सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी सत्यता की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m