संजय पाटीदार/हेमंत शर्मा, भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के कई बड़े शहरों में शारदीय नवरात्रि के ठीक पहले सोशल मीडिया पर शुरू हुए ‘रेंट ए गरबा पार्टनर’ (Rent A Garba Partner) के ट्रेंड ने तूल पकड़ लिया है। ऑनलाइन वेबसाइट्स और सोशल मीडिया के जरिए पैसे लेकर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के दावों और विज्ञापनों को लेकर अब पुलिस प्रशासन, हिंदू संगठनों और संत समाज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

वेबसाइट्स और सोशल मीडिया पर प्रचार

अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई, दिल्ली NCR के साथ-साथ इंदौर और भोपाल जैसे शहरों के नाम से भी अलग-अलग सेक्शन बनाकर ‘Find Garba Partner’ और ‘Find Dandiya Partner’ के विज्ञापन चलाए जा रहे हैं। आगामी 11 से 19 अक्टूबर तक यानी 9 दिनों के लिए 1000 रुपये से लेकर 6500 रुपये तक के बुकिंग पैकेज तय किए गए हैं। इसमें गरबा खेलने, डांस सीखने, रील्स बनाने, मैचिंग आउटफिट पहनने और साथ में सेल्फी लेने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ पोस्ट्स में व्यक्तिगत नजदीकी के ऑफर भी लिखे गए हैं, जिससे यह मामला गंभीर हो गया है।

प्रशासन और पुलिस की सख्त अपील

बढ़ते मामलों को देखते हुए भोपाल पुलिस ने आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है। धोखाधड़ी से बचने की सलाह के साथ एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने कहा है कि सोशल मीडिया पर गरबा और पार्टनर्स के नाम से कई फर्जी और भ्रामक आईडी सक्रिय हैं। इन विज्ञापनों के झांसे में आकर पार्टनर के लिए अप्लाई करने वाले लोग भारी ठगी का शिकार हो सकते हैं। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बुकिंग न करने की अपील की है।

‘लव जिहाद’ और संस्कृति पर प्रहार का आरोप

अखिल भारतीय संत समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अनिलानंद महाराज ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस तरह के ट्रेंड्स के जरिए हिंदू बहन-बेटियों को टारगेट किया जा रहा है और इससे ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा मिलने की आशंका है। उन्होंने ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और ट्रेंड्स की गहराई से जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

हिंदू संगठनों की चेतावनी

‘जय मां भवानी हिंदू संगठन’ के अध्यक्ष भानु हिंदू ने कहा कि सनातन धर्म के आयोजनों का बड़े पैमाने पर व्यवसायीकरण हो रहा है। पैड गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों और फर्जी अकाउंट्स को बख्शा नहीं जाएगा। संगठनों ने अपील की है कि हिंदू महिलाएं और युवतियां इस तरह के पैड और व्यावसायिक गरबा आयोजनों से पूरी तरह दूर रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m