शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर सवाल उठने लगे हैं। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के दो बार प्रत्याशी रह चुके नरेश ज्ञानचंदानी ने पार्टी के फैसले पर खुलकर आपत्ति जताई है।
READ MORE: Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा उम्मीदवार के नाम का ऐलान, दिग्विजय-कमलनाथ नहीं बल्कि इस महिला को बनाया प्रत्याशी
नरेश ज्ञानचंदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग करते हुए लिखा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के चयन में बड़ी चूक हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी पार्टी नेतृत्व को संदेश भेजकर राज्यसभा उम्मीदवार का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी थी, क्योंकि प्रदेश में क्रॉस वोटिंग का खतरा बना हुआ है।
ज्ञानचंदानी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि यदि वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को दोबारा राज्यसभा भेजा जाता तो पार्टी की सीट पूरी तरह सुरक्षित रहती। उनका मानना है कि वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
READ MORE: स्कूल की आड़ में मदरसा! निरीक्षण में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, बाल संरक्षण आयोग ने FIR के दिए निर्देश
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है, जबकि कांग्रेस के पास वर्तमान में 62 विधायक हैं। ऐसे में गणित कांग्रेस के पक्ष में दिखाई देता है, लेकिन पार्टी के भीतर से उठ रही क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के अंदरूनी असंतोष के ये स्वर अब सार्वजनिक मंच तक पहुंच गए हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व के सामने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की चुनौती भी खड़ी हो गई है। चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

