लखनऊ में मंगलवार को UPSSSC की जूनियर इंजीनियर भर्ती में डिपार्टमेंट स्किप को लेकर अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया. अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता, जल्द परिणाम जारी करने और विभाग आवंटन में सभी विकल्प देने की मांग रखी.

सतीश सिंह, लखनऊ. यूपीएसएसएससी की जूनियर इंजीनियर भर्ती प्रक्रिया में डिपार्टमेंट स्किप को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया. 4,612 पदों की भर्ती में चयन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के परिणाम को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजभवन कॉलोनी पहुंचे और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया. अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जल्द परिणाम जारी करने की मांग उठाई.

प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी शामिल हुए. अभ्यर्थियों ने ‘डिपार्टमेंट स्किप’ विकल्प को लेकर अपनी मांग रखते हुए कहा कि विभाग आवंटन से जुड़ी इस व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और अभ्यर्थियों को उचित विकल्प दिया जाए.

उनका कहना था कि जिसका जिस विभाग में मन हो भरे, जिससे सीटें खाली न जाएं. अभ्यर्थियों को सभी विकल्प मिलने चाहिए. इस दौरान प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के चलते प्रदर्शन उग्र नहीं हो सका.

डिप्टी सीएम से मिले

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात भी हुई. अभ्यर्थियों ने उनके सामने अपनी मांगें रखीं. डिप्टी सीएम ने उनकी समस्याओं को सुना और मांगों पर विचार कर उचित निष्कर्ष निकालने का आश्वासन दिया.