देहरादून. 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग की ओर से गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है. वर्तमान में चारधाम यात्रा द्वितीय चरण में गतिमान है. मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श किया.
जिलाधिकारियों से प्राप्त फीडबैक और स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के उपरांत निर्णय लिया गया कि यात्रा को स्थगित न करते हुए भारी वर्षा की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिस्थितियों के अनुसार यात्रियों को निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा.
इसे भी पढ़ें : धामों की सफाई से सड़कों तक फोकस, उत्तरकाशी में मुख्य सचिव ने तय की 15 अक्टूबर की डेडलाइन
आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें. भारी वर्षा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिए गए निर्णयों में सहयोग करें.


