हरिद्वार पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया है. शिकायत में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और परिवार को धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं.
हरिद्वार. पुलिस ने रविवार को अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया. भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उनके खिलाफ पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने सहारनपुर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया.
पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में शिकायत दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कर रही थीं, जिससे परिवार की छवि प्रभावित हो रही थी.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उर्मिला ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.
सहारनपुर में पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई.
टीम ने रविवार को सहारनपुर में कार्रवाई करते हुए उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया. वह सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदनगर स्थित रेलवे लाइन मोहल्ले की निवासी बताई गई हैं. पुलिस ने मामले में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
एसपी सिटी दीपक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है.
अंकिता भंडारी मामले से जुड़ा विवाद
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और ऑडियो भी चर्चा में रहे हैं. इन सामग्री में उन्होंने कथित वीआईपी का जिक्र करते हुए कई दावे किए थे, जिसके बाद उत्तराखंड की राजनीति में विवाद तेज हो गया था.
इस प्रकरण की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से हरिद्वार में और उर्मिला सनावर से अलग स्थान पर पूछताछ की थी. अब रंगदारी और धमकी के आरोपों से जुड़े मामले में उर्मिला की गिरफ्तारी ने इस विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है.
फिलहाल, पांच करोड़ रुपये की मांग, धमकी और सोशल मीडिया पर टिप्पणियों से जुड़े आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

