विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में अपने संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी हैं. कांग्रेस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सितंबर में दौरे की योजना है, जबकि आप अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को बुलाने की कोशिश में है.
देहरादून. उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. दोनों दल संगठन को मजबूत करने के लिए अपने केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे की तैयारी कर रहे हैं. कांग्रेस से प्रियंका गांधी के सितंबर में गढ़वाल या कुमाऊं में जनसभा करने और राहुल गांधी के एक बार फिर प्रदेश आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पीपलकोटी टनल हादसा: सुरंग में फंसे 3 लोगों को बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता, CM धामी ने रेस्क्यू तेज करने के दिए निर्देश
कांग्रेस की तैयारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को गंभीरता से लिया है. उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं की बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खुद खड़गे के प्रदेश में कई दौरे करने की बात कही गई थी.
इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस सितंबर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दौरे की योजना तैयार कर रही है. दोनों नेताओं से बातचीत के बाद कार्यक्रम का स्थान और तारीख तय की जा रही है.
सुक्खू का दौरा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी देहरादून आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. गणेश गोदियाल ने बताया कि हिमाचल सरकार ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने का काम किया है.
यह भी पढ़ें: हरिद्वार कुंभ 2027 के स्थायी काम पूरे, अब नए प्रस्तावों पर एक हफ्ते में होगा फैसला
उत्तराखंड कांग्रेस चाहती है कि मुख्यमंत्री सुक्खू देहरादून आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हों. पार्टी का उद्देश्य प्रदेशवासियों को यह बताना है कि हिमाचल में किए गए कामों को उत्तराखंड में भी लागू किया जाएगा.
आप ने बढ़ाई सक्रियता
इधर, आम आदमी पार्टी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अपने केंद्रीय नेताओं को उत्तराखंड बुलाने की तैयारी में है.
आप की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने बताया कि केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे को लेकर हाईकमान से बातचीत चल रही है. पार्टी के प्रदेश प्रभारी का दौरा 23 अगस्त को प्रस्तावित है.
प्रदेश प्रभारी के दौरे के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को उत्तराखंड बुलाने का प्रयास किया जा रहा है. उमा सिसोदिया ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पार्टी जल्द ही इस प्रयास में सफल होगी.


