उत्तरकाशी. उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गुरुवार (5 नवंबर) तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और नदी में जा समाई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. कार में कुल सात लोग सवार थे. बाकी यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
धारा कुंड के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगनानी के पास धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ. तड़के इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई. इसके बाद वह सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में पहुंच गई. कार का नंबर UK08 TA6040 है. यह हरिद्वार में रजिस्टर्ड बताई गई है.
चार लोगों की मौत, बाकी की तलाश जारी
हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. कार में सात लोग सवार थे. ऐसे में अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है. नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं. जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. टीमों का ध्यान कार में सवार बाकी संभावित यात्रियों को तलाशने पर है.
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड में मौसम रहेगा शुष्क, चारों धामों में पारा माइनस में; केदारनाथ में -8°C तापमान
प्रशासन ने चिकित्सा दल को किया अलर्ट
हादसे के बाद प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट कर दिया है. अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

