प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मोहन नगर में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि चार-पांच लोग वाहन के पास पहुंचे और उसके कांच फोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपित काफी देर तक हंगामा और गाली-गलौज करते रहे।
चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार मोहन नगर निवासी मदनलाल ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सुबह उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान चार-पांच लोग वहां पहुंचे और वाहन के कांच फोड़ दिए। आरोपियों ने वाहन को नुकसान पहुंचाने के बाद काफी देर तक हंगामा किया और गाली-गलौज करते हुए मौके से चले गए।
वाहन मालिक मदनलाल ने पुलिस को बताया कि अनमोल से उसका पुराना विवाद चल रहा है। मामले में उन्होंने ढांचा भवन निवासी अनमोल गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

