कर्नाटक के मंगलुरु में वंदे मातरम विवाद को लेकर राजनीतिक बवाल जारी है। बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ उर्वा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाया गया है।
BJP नेता विकास पुत्तूर ने कहा, “पूरे भारत ने कल कांग्रेस पार्टी की हरकतें देखी हैं. कांग्रेस पार्टी हमेशा से ‘वंदे मातरम’ की विरोधी रही है. कल कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में झंडा फहराने के कार्यक्रम के दौरान, जब ‘वंदे मातरम’ बजाया जा रहा था तो सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में बाधा डाली. हमने और देश ने देखा कि वह बाधा डाल रही थीं और अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘वंदे मातरम’ रोकने के लिए कह रही थीं.”
क्या बोले BJP नेता विकास पुत्तूर
उन्होंने आगे कहा कि यह कानूनी कार्रवाई के दायरे में आता है. आज ‘वंदे मातरम’ हमारे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर है. जो कोई भी इसका अपमान करता है चाहे उसका पद या ताकत कुछ भी हो, उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि इसलिए मैंने सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और FIR दर्ज कराने के लिए उरवा पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत की है.
कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर करूंगा- बीजेपी नेता
बीजेपी नेता पुत्तूर ने कहा कि अगर राज्य की कांग्रेस सरकार और पुलिस इसमें नाकाम रहती है, तो मैं कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर करूंगा और मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय गीत या राष्ट्रीय सम्मान का अपमान हुआ है, तो मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने पुलिस से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि मामले में किसी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप न हो. फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है.
क्या है मामला ?
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम का गायन हुआ। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि इस दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता बातचीत करते नजर आए और राष्ट्रगीत के दौरान असहज दिखाई दिए।
बीजेपी ने इस पूरे घटनाक्रम को राष्ट्रीय गीत के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से अभी जांच पूरी नहीं हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


