वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह मुंबई जाने की तैयारी कर रहे एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जिससे दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए. यात्री ने एयरपोर्ट पहुंचने से पहले हथियार डिक्लेयर किया था और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वाराणसी. वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने की तैयारी कर रहे एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. गोली जमीन से टकराने के बाद पास खड़े दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारियों को जा लगी. हादसे में एक महिला कर्मचारी की जांघ और एक युवक के हाथ में गोली लगी. दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
घटना की खास बात यह है कि यात्री ने एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही अपनी पिस्टल और मैगजीन को नियमों के तहत डिक्लेयर किया था. पुलिस के मुताबिक, यात्री आजमगढ़ का रहने वाला है और अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था.
चेकिंग के दौरान चली गोली
पुलिस के अनुसार, यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसका ऑल इंडिया परमिट बताया गया है. बोर्डिंग से पहले मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सीआईएसएफ और एयरलाइन स्टाफ द्वारा हथियार की जांच की जा रही थी. इसी दौरान पिस्टल के चैंबर में मौजूद एक राउंड दुर्घटनावश फायर हो गया.
गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद वहां मौजूद दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए. अचानक गोली चलने से एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हथियार पहले किया था डिक्लेयर
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यात्री ने पिस्टल को सुरक्षा एजेंसियों से छिपाने की कोशिश नहीं की थी. उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन को पहले ही घोषित कर दिया था. इसके बावजूद हथियार की जांच के दौरान गोली चलने से सुरक्षा व्यवस्था और हथियार हैंडलिंग प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
हालांकि, पुलिस ने शुरुआती जांच में घटना को दुर्घटनावश हुआ फायर बताया है. मौके का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
दोनों घायल स्थिर
डीसीपी गोमती नीतू कादयान के मुताबिक, सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि दोनों घायल ग्राउंड स्टाफ कर्मचारियों की हालत फिलहाल स्थिर है.
फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई फूलपुर पुलिस कर रही है.
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों की जांच की प्रक्रिया को लेकर भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से गोली चलने की नौबत कैसे आई और हथियार के चैंबर में राउंड मौजूद रहने की स्थिति में मानक प्रक्रिया का पालन किस तरह हुआ.


