वाराणसी और दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा प्रणाली से लैस यह ट्रेन श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और कारोबारियों की यात्रा को आसान बनाएगी.
वाराणसी. जिले से दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से यात्रियों का समय बचेगा और सफर का अनुभव भी बेहतर होगा.
प्रधानमंत्री के मुताबिक, आधुनिक यात्री सुविधाओं और अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था से लैस यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है. इससे लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और कारोबारियों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी.
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि नई ट्रेन बाबा विश्वनाथ के दर्शन और प्रयागराज में संगम की यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी. इससे धार्मिक यात्राओं को सुविधाजनक बनाने के साथ आधुनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
प्रधानमंत्री ने इस नई रेल सेवा को आस्था और अवसर के साथ-साथ परंपरा और आधुनिकता को जोड़ने वाली पहल बताया. उन्होंने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत पर सभी को शुभकामनाएं दीं.

