वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा ने 55,046 वोट हासिल कर भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों, दोनों में सपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की.

वाराणसी. खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की है. उन्होंने 55,046 वोट हासिल कर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों के अंतर से हराया. इस परिणाम के साथ वाराणसी खंड की स्नातक और शिक्षक, दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है.

दोनों सीटों पर सपा की जीत

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इसके बाद 27 अक्टूबर से मतगणना शुरू हुई और उसी दिन देर रात शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार को हराकर दोबारा जीत हासिल की.

स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा और भाजपा के केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबला था. वर्ष 2020 के चुनाव में आशुतोष सिन्हा को 26,335 वोट मिले थे, जबकि केदारनाथ सिंह को 22,685 मत प्राप्त हुए थे. इस बार सिन्हा ने 55,046 वोट हासिल किए और केदारनाथ सिंह को 35,114 वोट मिले.

जनता का जताया आभार

जीत के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव उनके लिए एक चुनौती था. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से दोबारा मतगणना की मांग को लेकर विरोध किया गया और उनके खिलाफ षड्यंत्र करने की कोशिश हुई, लेकिन जनता के समर्थन के कारण ये प्रयास सफल नहीं हुए.

सिन्हा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मतदाताओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि उन्हें अभी प्रमाण पत्र प्राप्त करना है, लेकिन अब तक के परिणामों के अनुसार उनकी जीत लगभग 20 हजार मतों से हुई है.

आशुतोष सिन्हा का राजनीतिक सफर

आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज से छात्र राजनीति की शुरुआत की थी. विधि में स्नातक की पढ़ाई करने के बाद वर्ष 2006 में उन्होंने छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. वह समाजवादी छात्र सभा से जुड़े और संगठन में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली.

सिन्हा वाराणसी के सिद्धगिरी बाग के निवासी हैं और दो भाइयों में सबसे छोटे हैं. उनके पिता मध्य प्रदेश की एक पेपर मिल में इंचार्ज थे, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. वर्ष 2020 में सपा ने उन्हें पहली बार स्नातक एमएलसी चुनाव में उतारा था, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी. पार्टी ने 2026 के चुनाव में भी उन पर भरोसा जताया और उन्होंने दोबारा सीट जीत ली.

निर्वाचन क्षेत्र और मतदान

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिले शामिल हैं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस पूरे निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 2.88 लाख स्नातक और 34,900 शिक्षक मतदाता हैं. मतदान के दौरान स्नातक सीट पर करीब 1.18 लाख और शिक्षक सीट पर लगभग 24 हजार मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

वाराणसी जिले के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 74,840 मतदाता थे. इनके लिए 21 मतदान केंद्रों पर 102 बूथ बनाए गए थे. इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 69,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल थे. दोनों सीटों के लिए कुल 34 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, जिनमें स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में थे.

मतगणना के दौरान सुरक्षा

मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. एडिशनल एसपी शिव हरी मीणा ने बताया कि एक शिफ्ट में ढाई हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही थी तथा परिसर में प्रवेश के लिए पास अनिवार्य किया गया था.