वाराणसी. पांडेपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि नर्सरी में पढ़ने वाले एक मासूम छात्र को टॉयलेट जाने की अनुमति नहीं दी गई. मजबूरी में बच्चे ने पैंट में ही टॉयलेट कर दिया, जिसके बाद शिक्षिका ने कथित तौर पर उसे कमरे में ले जाकर गर्म चाकू से उसका प्राइवेट पार्ट जला दिया और मारपीट भी की. घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- शराब, शक और हैवानियत… महोबा में गर्भवती पत्नी को हंसिए से काट दिया, बेटे ने खोला राज
टॉयलेट की अनुमति नहीं मिली, फिर हुआ कथित उत्पीड़न
जानकारी के अनुसार, पांडेपुर स्थित एक निजी स्कूल में केसरी कुमार का बेटा नर्सरी का छात्र है. क्लास के दौरान बच्चे ने शिक्षिका प्रीति कुशवाहा से टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी, लेकिन उसे जाने नहीं दिया गया. कुछ देर बाद बच्चे ने पैंट में ही टॉयलेट कर दिया. आरोप है कि इससे नाराज शिक्षिका उसे दूसरे कमरे में ले गई और गर्म चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट को जला दिया. साथ ही उसकी पिटाई कर दोबारा ऐसी गलती न करने की धमकी भी दी.
घर पहुंचकर बच्चे ने सुनाई आपबीती
स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई. परिजन बच्चे की हालत देखकर सन्न रह गए. उन्होंने तत्काल स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर घटना की जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार बच्चे को लेकर पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.
शिक्षिका, प्रबंधन और प्रधानाचार्य पर केस दर्ज
पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- काशी कॉरिडोर की तर्ज पर बदलेगी बाराबंकी की तस्वीर, 48.79 करोड़ से चमकेगा श्री लोधेश्वर महादेव धाम
इलाके में आक्रोश, जांच पर टिकी निगाहें
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


