वाराणसी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पात्र मतदाताओं से जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरने और राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है.

वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों को एक और अवसर मिलेगा. जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाता सूची और जरूरी फॉर्म के साथ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे.

इन अभियान दिवसों पर पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा और ऐसे लोग, जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे. मतदाता सूची में संशोधन और अन्य संबंधित जरूरतों के लिए भी निर्धारित फॉर्म उपलब्ध रहेंगे.

18 और 25 अक्टूबर को अभियान

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. इसमें SIR-2026 के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक तथा नोटिस जारी किए गए मतदाताओं से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई.

सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा. संबंधित बूथ लेवल अधिकारी इन दिनों अपने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची और फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के साथ उपस्थित रहेंगे.

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

जिन पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर भी पंजीकरण और स्थान परिवर्तन से संबंधित आवेदन कर सकते हैं.

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंटों को अभियान की जानकारी देने और मतदाताओं की मदद करने की अपील की. उन्होंने कहा कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.

युवा और महिला मतदाताओं पर जोर

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कॉलेजों में शिविर लगाने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी आठों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को अपने सुपरवाइजरों के साथ बैठक करने को भी कहा.

उन्होंने मतदाता सूची में जेंडर रेश्यो को 900 तक बढ़ाने पर जोर दिया. महिला मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित करने और इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने की बात कही गई. खराब जेंडर रेश्यो वाले मतदान केंद्रों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा.