वाराणसी में जलजमाव और सीवर की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा. कार्यकर्ताओं ने समस्या दूर करने के लिए 15 दिन का समय देते हुए सुधार नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी.
वाराणसी. शहर में जलजमाव और सीवर की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में “डूबता बनारस” के पोस्टर लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा.
प्रदर्शनकारियों ने सड़कों और सीवर की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया. उनका कहना है कि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
सपा नेता ने क्या कहा
समाजवादी पार्टी के नेता राजू यादव ने कहा कि वाराणसी में लगातार जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है. इसी समस्या को लेकर कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के सामने प्रदर्शन किया और नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया.
उन्होंने कहा कि प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया है. इस अवधि में समस्या दूर नहीं हुई तो कार्यकर्ता दोबारा धरना प्रदर्शन करेंगे. राजू यादव ने कहा कि बारिश के कारण पूरा बनारस जलमग्न हो चुका है और इसकी तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं.
नगर निगम की तैयारी
नगरायुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वाराणसी में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है और इसके लिए टीम लगाई गई है.
उन्होंने बताया कि सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए सीवर चैंबर की सफाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनमें कचरा जमा न हो.
अवैध पशुपालन पर कार्रवाई
नगरायुक्त ने जयप्रकाश नगर तिराहा नाले के पास अवैध रूप से पशुपालन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही गोबर इधर-उधर फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है.



