राकेश कथूरिया, कैथल: केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ (VBYLD)-2027 का आयोजन किया जा रहा है। कैथल के जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा ने बताया कि इसके प्रथम चरण के तहत ‘VBYLD क्विज’ MY Bharat Portal पर लाइव कर दिया गया है, जो 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय पहल के माध्यम से 15 से 29 वर्ष के युवाओं को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

विभिन्न चरणों के जरिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे युवा

VBYLD-2027 का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को विकसित भारत @2047 के निर्माण में भागीदार बनाना और उनके विचारों व नवाचारों को राष्ट्रीय मंच देना है। वर्तमान में आयोजित हो रहे ऑनलाइन क्विज में सफल रहने वाले प्रतिभागियों को आगे निबंध लेखन के साथ-साथ जिला और राज्य स्तरीय चरणों में भाग लेने का मौका मिलेगा। इन चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा ही राष्ट्रीय स्तर के मुख्य आयोजन तक पहुंच सकेंगे।

युवाओं के लिए कई तरह के अवसर और ट्रैक

VBYLD-2027 के तहत युवाओं की अलग-अलग प्रतिभाओं को निखारने के लिए कई ट्रैक बनाए गए हैं:

  • विकसित भारत चैलेंज: इसमें युवा क्विज, निबंध और पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए विकसित भारत @2047 से जुड़े विषयों पर अपने समाधान प्रस्तुत करेंगे।
  • सांस्कृतिक ट्रैक: लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन जैसी विधाओं के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत को मंच दिया जाएगा।
  • नवाचार एवं उद्यमिता: ‘डिजाइन फॉर भारत’, ‘हैकाथॉन फॉर सोशल कॉज’ और ‘युवा उद्यमी चैलेंज’ के जरिए युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलेगा।
  • युवा संसद: ‘यूथ पार्लियामेंट’ के माध्यम से युवाओं को देश के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श और बहस में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा।

प्रधानमंत्री और मंत्रियों के साथ संवाद का मौका

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले उत्कृष्ट युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा ने बताया कि यह कैथल के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को देश के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

स्कूल-कॉलेजों में चलाया जा रहा विशेष अभियान

MY Bharat, कैथल द्वारा जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में इस क्विज के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकतम भागीदारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। श्री मोहित नेहरा ने कैथल के सभी पात्र युवाओं से इस राष्ट्रीय पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने साथियों को भी प्रेरित करने की अपील की है।

युवा इस प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अपडेट्स के लिए आधिकारिक पोर्टल www.mybharat.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।