ODISHA DESK, भुवनेश्वर: भुवनेश्वर के भरतपुर थाना पुलिस ने यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में एक पशु चिकित्सा प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। प्रोफेसर पर आरोप है कि उसने अपनी ही एक छात्रा का यौन उत्पीड़न किया और विरोध करने पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।

आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी अजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपी अजीत कुमार गुप्ता लंबे समय से भुवनेश्वर के एक वेटरनरी कॉलेज में पढ़ा रहा था।

पीड़ित छात्रा द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, प्रोफेसर ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दी थीं। आरोपी ने पहले कॉलेज के लेक्चर हॉल के अंदर छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद वह लगातार उसका पीछा करने लगा और उसे अनचाहे मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा।

जब छात्रा ने प्रोफेसर की इन अवांछित हरकतों का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने बदला लेने की नीयत से उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की। प्रोफेसर ने छात्रा की मॉर्फ्ड (फर्जी और अश्लील) तस्वीरें बनाईं और उन्हें अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया।

इस घिनौनी हरकत से परेशान होकर पीड़िता ने भरतपुर पुलिस स्टेशन में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर अजीत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने पीड़िता का बयान अदालत में दर्ज करा दिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी किसी अन्य छात्रा के साथ इस तरह की हरकत की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m