मथुरा. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है. इस पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पलटवार किया है. वीएचपी के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को मथुरा से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है.
यह भी पढ़ेंं- यूपी में मौसम साफ, 7 दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; इस जिले की हवा सबसे खराब
चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी को मथुरा आने का न्योता
कन्हैयालाल अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का मथुरा में स्वागत है. उन्होंने दोनों नेताओं को मथुरा से चुनाव लड़कर दिखाने की चुनौती दी. अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को दूसरी जगहों के बजाय मथुरा में आकर मुकाबला करना चाहिए.
सीएम योगी को भी मथुरा से लड़ने की सलाह
वीएचपी नेता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मथुरा से चुनाव लड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि अगली बड़ी राजनीतिक लड़ाई मथुरा के नाम पर लड़ी जानी है. अग्रवाल के मुताबिक, जब तक मुख्यमंत्री खुद मथुरा से चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे, तब तक इस लड़ाई का असली आनंद नहीं आएगा.
ओवैसी के ‘दरी नहीं बिछाएगा’ बयान पर कटाक्ष
कन्हैयालाल अग्रवाल ने ओवैसी के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब्दुल केवल दरी बिछाने के लिए पैदा नहीं हुआ है, बल्कि नेता, विधायक और सांसद बनेगा. अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को सपने देखने का अधिकार है. कोई दरी बिछाने की बात करे या राजनीति में आगे बढ़ने की, इसका फैसला समय करेगा.
इसे भी पढ़ें- औरैया में 75 साल के रामसुगर और 30 साल की रीना की सगाई निकली स्क्रिप्टेड? बुजुर्ग ने बताई पूरी कहानी
यूपी चुनाव से पहले तेज हुई सियासी बयानबाजी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो रही है. चंद्रशेखर आजाद की चुनौती के बाद वीएचपी नेता का यह बयान सियासी चर्चा में है. मथुरा को चुनावी मुकाबले का केंद्र बनाने की उनकी अपील ने राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दिया है.

