कुंदन कुमार, पटना। खान सर के कोचिंग पर हुए हमले मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। दरअसल पटना पुलिस का कहना है कि कोचिंग सेंटर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुआ है, लेकिन फायरिंग की बात से पुलिस ने साफ इंकार किया है। वहीं, अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो लोग गोली लोड करते हुए और ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।
फायरिंग से जुड़ा वीडियो वायरल
38 सेकेंड के इस वायरल वीडियो को घटना वाली रात (2 जून, मंगलवार) का ही बताया जा रहा है। साथ ही यह दावा किया जा रहा है कि जो शख्स फायरिंग कर रहा है, वह कोई और नहीं बल्कि खान सर के बॉडीगार्ड ही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि खान सर के कहने पर ही उनके सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग की है, ताकी रौशन आनंद को फंसाया जा सके। हालांकि इस वायरल वीडियो को लेकर पटना पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
रौशन आनंद समेत 3 लोग गिरफ्तार
गौरतलब है कि मंगलवार की रात 10 बजे के करीब खान सर की कोचिंग सेंटर पर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने हमला करते हुए पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की थी। खान सर ने इस हमले के लिए पड़ोस के कोचिंग संचालक (ज्ञान बिंदु) पर हमला कराने का आरोप लगाया था। मामले में पटना पुलिस ने जांच करते हुए कोचिंग ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उनके खिलाफ अहम सबूत मिले हैं।
हमें फंसाया जा रहा- रौशन आनंद
वहीं, गिरफ्तारी के बाद मीडिया के सामने आए रौशन आनंद ने कहा कि, उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्हें और उनके कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु को खत्म करने की यह साजिश है। गोली चलने की जो बात कही जा रही है। गोली कहीं भी नहीं चली है। पुलिस ने भी इस बात को कंफर्म किया है। उन्होंने कहा कि, उन्हें न्यायालय पर भरोसा है। सत्य की जीत होगी। सत्यमेव जयते!
घटना के संबंध में पुलिस का बयान
घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश रंजन ने बताया कि, 2 जून की रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थानांतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा ईट पत्थर, तोड़फोड़ एवं फायरिंग किए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि, प्रथम दृष्टया सूचना मिली थी कि फायरिंग भी किया गया है। आसपास लगे CCTV फुटेज का अवलोकन किया गया तो फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि, खान ग्लोबल स्टडीज के कन्हैया सिंह द्वारा इस संबंध में 04 नामजद तथा 15-20 अज्ञात व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद और 02 अन्य व्याक्ति गौरव और अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है शेष अन्य व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- नालंदा के शीतला तालाब में तैरता मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

