आशुतोष तिवारी, जगदलपुर: सोशल मीडिया पर इन दिनों जगदलपुर के आबकारी विभाग के दफ्तर का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जहां कर्मचारी सरकारी दफ्तर को ही पार्टी अड्डे में बदलते दिखाई दे रहे हैं। जिस विभाग पर अवैध शराब बिक्री रोकने की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के दफ्तर में खुलेआम जाम छलकते कर्मचारियों का वीडियो कई सवाल खड़े कर रहे हैं।

दरअसल, यह पूरा मामला सिविल लाइन स्थित आबकारी निरीक्षण टीम के कार्यालय का है, जहां कर्मचारियों ने सरकारी दफ्तर को ही पार्टी का अड्डा बना लिया है। दफ्तर के भीतर शराबखोरी का दौर चलता रहा और उसके सबूत पास में पड़े कूड़ेदान में फेंकी गई। शराब की खाली बोतलें खुद बयां कर रही हैं कि यह कोई एक दिन की कहानी नहीं, बल्कि नियमित चलने वाली महफिल का हिस्सा है।

हैरानी की बात यह है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों पर शराब के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी है। वही सरकारी कार्यालय की मर्यादा को ताक पर रखकर नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं दफ्तर में आने-जाने वाले लोगों की मौजूदगी की भी कोई परवाह नहीं दिखाई देती और पार्टी का सिलसिला बेखौफ जारी रहता है।

अब सवाल यह उठता है कि जब कानून लागू कराने वाले ही सरकारी दफ्तर को जश्न का अड्डा बना दें, तो फिर नियमों के पालन की उम्मीद आखिर किससे की जाए ?, वहीं जब इस मामले में लल्लूराम डॉट कॉम ने आबकारी अधिकारी अमन सिंह से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

