संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने बेतवा नदी किनारे बंगला घाट से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर और अर्टिगा कार बरामद की गई है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली पुलिस बंगला घाट क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर अर्टिगा सवार दो युवक कार को वापस मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में 10 ग्राम ब्राउन शुगर मिली, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। वहीं नशे के परिवहन में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस ने शैलेंद्र लोधी और विकास रघुवंशी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से नशे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या डायल-112 पर सूचना दें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

