राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/विदिशा। गणेशोत्सव के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में स्थित प्रसिद्ध ‘श्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर’ में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। भोपाल-विदिशा मार्ग पर रंगई स्थित बेतवा नदी के तट पर विराजमान यह मंदिर प्रदेश के सबसे चमत्कारिक और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। इस मंदिर की ख्याति और आस्था का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ वीआईपी और दिग्गज राजनेताओं की अटूट आस्था है, जिसकी सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस का कड़ा पहरा रहता है।
2005 की भीषण बाढ़ और वो ‘अद्भुत चमत्कार’
श्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर की स्थापना का किस्सा बेहद अनोखा और रोमांचित कर देने वाला है। करीब डेढ़ दशक पहले, वर्ष 2005 में क्षेत्र के कुछ युवाओं ने बेतवा नदी के किनारे गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी के श्रीगणेश की झांकी स्थापित की थी। उसी दौरान विदिशा में भीषण बाढ़ आ गई, जिससे पूरा पूजा पंडाल जलमग्न हो गया। भगवान गणेश की मिट्टी की प्रतिमा लगभग 5 से 6 दिनों तक उफनती बेतवा के पानी में पूरी तरह डूबी रही।
जब बाढ़ का पानी उतरा, तो लोग यह देखकर हैरान रह गए कि दिनों तक पानी में डूबे रहने के बावजूद मिट्टी की प्रतिमा को जरा सा भी नुकसान नहीं पहुंचा था। प्रतिमा का रूप और बनावट जस की तस सुरक्षित थी।
पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी ने देखा चमत्कार, 2008 में बना भव्य मंदिर
घटना के दौरान जब तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह वहां से गुजरीं तो जलमग्न रहने के बाद भी अक्षुण्ण खड़ी गणपति की प्रतिमा को देखकर आश्चर्यचकित रह गईं। उन्होंने इसे भगवान का प्रत्यक्ष चमत्कार मानते हुए वहीं पर एक भव्य मंदिर बनवाने का संकल्प लिया। वर्ष 2008 में यह मंदिर बनकर तैयार हुआ और तब से इस अनोखी प्रतिमा को ‘श्री बाढ़ वाले गणेश’ के नाम से जाना जाने लगा।
अखंड रामायण पाठ जारी; अनंत चतुर्दशी पर पहुंच सकते हैं केंद्रीय मंत्री
गणेश उत्सव के पावन अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन श्रीगणेश का विशेष अभिषेक किया जा रहा है। सुबह-शाम भव्य महाआरती के साथ-साथ मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ निरंतर जारी है, जो अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। अनंत चतुर्दशी के दिन मंदिर में भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह के शामिल होने की पूरी संभावना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



