संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। जहां कभी किसानों की जिंदगी बहती थी वहां आज कब्जों की कंक्रीट खड़ी है। दशकों पुरानी नहर अब जमीन से गायब है और इस “नहर चोरी” ने अब सियासत को भी उबाल पर ला दिया है।
दरअसल, किसानों की सिंचाई के लिए दशकों पहले ‘उद्वहन सिंचाई योजना’ के तहत दौलतपुरा और मदनखेड़ा में नहर बनाई गई थी। मकसद साफ था कि हर खेत तक पानी पहुंचे, हर किसान की फसल बचे, लेकिन आज जहां पानी बहना था, वहां कंक्रीट उग आई है। नहर की जमीन पर भू-माफियाओं ने कब्जा कर लिया और देखते-ही-देखते आलीशान कॉलोनियां बस गईं।
कांग्रेस ने किया करारा प्रहार
यहां अब सिर्फ एक जर्जर ढांचा बचा है, जो कभी पानी सप्लाई करता था। बाकी सब या तो मिट गया या कब्जे में चला गया। अब ये मामला सिर्फ जमीन का नहीं, सियासत का बड़ा मुद्दा बन चुका है। क्योंकि ये वही विदिशा है, जहां से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने ने सीधा हमला बोला है। उनका आरोप है कि “किसानों के हित की बात करने वाले मंत्री के जिले में ही नहर चोरी हो गई और उन्हें खबर तक नहीं।”
माफियाओं को संरक्षण दे रही बीजेपी- आनंद जाट
कांग्रेस नेता आनंद जाट ने कहा कि “विदिशा में उद्वहन सिंचाई योजना की नहर की जमीन भू-माफियाओं ने हड़प ली है। ये शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र में हुआ है। भाजपा माफियाओं को संरक्षण दे रही है। प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे और किसानों की जमीन वापस दिलाए।”
क्या बोले अधिकारी ?
बेतवा घाट किनारे जहां लाखों की मशीनें लगाई गई थीं, आज वो या तो कबाड़ बन चुकी हैं या धीरे-धीरे चोरी हो रही हैं। सरकारी योजना अब सिर्फ फाइलों में जिंदा है। वहीं अधिकारियों ने माना कि मामला 40-50 साल पुराना है। कागज खंगालने में वक्त लग रहा है, लेकिन जैसे-जैसे दस्तावेज मिल रहे हैं, राजस्व विभाग को भेजे जा रहे हैं।
हरकत में आया राजस्व विभाग
इधर राजस्व विभाग भी हरकत में आया है। तहसीलदार निधि लोधी ने बताया कि दशकों पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। अब तक 11 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिन पर नहर की जमीन पर कब्जे का आरोप है। “हमने 11 व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दिए हैं। जांच चल रही है। कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।” अब देखना होगा यह नहर मुक्त हो पाती है या हर बार की तरह सुर्खियां बनकर रह जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

