संदीप शर्मा, विदिशा। जिले से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सूबे की कानून व्यवस्था और इंसानियत दोनों को झकझोर कर रख दिया है। लटेरी तहसील के कोकणगढ़ गांव में एक कलयुगी सरपंच पर अपनी ही पंचायत की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी का अपहरण कर उसे भोपाल में डेढ़ लाख रुपये में बेचने का बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगा है। इतना ही नहीं जब पीड़ित परिवार न्याय मांगने पुलिस के पास गया तो दबंग सरपंच ने उनके तीन मासूम बच्चों को भी अगवा कर लिया।

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी बनाम कार्तिकेय सिंह चौहान: मानहानि मामले में फिर टली सुनवाई, 23 जून को होगी अगली पेशी

पहले बेटी का सौदा किया, फिर 3 मासूमों को अगवा

कोकणगढ़ गांव के पीड़ित माता-पिता ने रोते हुए अपनी जो दास्तां सुनाई उसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। परिजनों का आरोप है कि गांव का दबंग सरपंच उनकी 17 साल की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया। इसके बाद उसने भोपाल के किसी दलाल से साठगांठ कर मासूम लड़की को 1 लाख 50,000 हजार रुपये में बेच दिया।

जब बदहवास माता-पिता ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई तो आरोपी सरपंच खून-खराबे पर उतारू हो गया। उसने पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने का खौफनाक दबाव बनाया। हद तो तब हो गई जब अपनी धौंस चमकाने के लिए सरपंच ने पीड़ित के तीन अन्य छोटे बच्चों को उनके मामा के घर से भी जबरन उठा लिया और उन्हें बंधक बना दिया।

‘शिकायत वापस लो, नहीं तो भुगतो अंजाम’

आरोपी सरपंच अब खुलेआम घूमकर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। उसका साफ कहना है कि अगर पुलिस की रिपोर्ट से उसका नाम नहीं हटाया गया तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। दबंग के खौफ से डरा-सहमा परिवार जान बचाने और अपनी लाडली को वापस पाने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचा जहां इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें: RSS का रजिस्ट्रेशन नहीं तो फिर पैसा जाता कहां है? दिग्विजय सिंह ने RSS और चंपत राय पर साधा निशाना, कहा- जांच होनी चाहिए

एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे का बड़ा एक्शन

मामले की गूंज जैसे ही विदिशा एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के दफ्तर तक पहुंची। उन्होंने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। एडिशनल एसपी ने तुरंत लटेरी थाना प्रभारी को फोन घनघनाकर कड़े एक्शन के निर्देश दिए हैं। पुलिस की टीमें नाबालिग लड़की को भोपाल से सकुशल बरामद करने और बंधक बनाए गए अन्य बच्चों को छुड़ाने के लिए रवाना कर दी गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m