विक्की आर्य, विदिशा (शमशाबाद)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में सरकारी राशन के गेहूं की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सिरोंज मंडी में 580 बोरी सरकारी गेहूं जब्त होने के ठीक बाद प्रशासन ने शमशाबाद मंडी प्रांगण में बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 बोरी सरकारी गेहूं से लदे ट्रक को एन मौके पर दबोच लिया। जब्त बोरियों पर भगवानपुर सहकारी समिति के टैग लगे मिले हैं।
ये भी पढ़ें: ‘कैसे जाए स्कूल हम…’ दलदल भरे रास्तों से जान जोखिम में डाल रहे नौनिहाल, यूनिफॉर्म में ही कलेक्ट्रेट पहुंचे बच्चे
2022-23 का स्टॉक, मंडी में ही चल रहा था ‘पलटी’ का खेल!
जानकारी के मुताबिक शमशाबाद मंडी प्रांगण स्थित उमेश ट्रेडिंग कंपनी के पास एक ट्रक से दूसरे ट्रक में सरकारी गेहूं की बोरियां पलटी की जा रही थीं। इसी दौरान सूचना मिलते ही एसडीएम अजय पाठक की टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की।
नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने जांच के बाद पुष्टि की है कि जब्त अनाज वर्ष 2022-23 का है और उस पर भगवानपुर सहकारी समिति की सरकारी पर्चियां (टैग) लगी हुई हैं।
भाजपा नेता पर लगे गंभीर आरोप
बीजेपी समर्थित नगर पंचायत उपाध्यक्ष कमल सिंह चौहान ने सीधे तौर पर नगर परिषद प्रतिनिधि प्रदीप माहेश्वरी पर सरकारी राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह खेल वर्षों से बेधड़क चलाया जा रहा है।
मंडी अधिकारियों की घोर लापरवाही
बताया जा रहा है कि सरकारी गेहूं से भरा यह ट्रक कल से ही मंडी प्रांगण में खड़ा हुआ था, जिससे मंडी अधिकारियों की कार्यप्रणाली और मिलीभगत पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें; केंद्र से मिला बजट, फिर भी राज्य से ऐंठे 8 करोड़! MGM मेडिकल कॉलेज की NGS मशीन खरीदी पर मचा हड़कंप
फिलहाल प्रशासन ने गेहूं का पंचनामा बनाकर ट्रक और पूरे माल को थाने भिजवा दिया है। सिरोंज और शमशाबाद में पकड़े गए सरकारी गेहूं के आपसी कनेक्शन की गहनता से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

