रांची। वियतनाम के दा लात शहर में हुए सड़क हादसे में झारखंड के दो युवा योग प्रशिक्षकों की मौत हो गई। हादसे के बाद से दोनों के परिवार उनके पार्थिव शरीर के भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं। सरकारी अधिकारी के मुताबिक, इस सप्ताह दोनों के शव भारत लाए जाने की संभावना है।

मृतकों की पहचान रांची के 24 वर्षीय राजा कुमार और जमशेदपुर के 25 वर्षीय विनय कुमार राय के रूप में हुई है। दोनों वियतनाम की ‘आदि योग अकादमी’ में योग शिक्षक के तौर पर काम कर रहे थे।

कार और दोपहिया वाहन की टक्कर में हादसा

जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर को राजा और विनय दोपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक कार से टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिवारों में मातम पसर गया। परिजन लगातार उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

परिवार का सहारा था राजा

रांची निवासी राजा कुमार के पिता उमेश वर्मा बिजली मिस्त्री हैं। उन्होंने बताया कि राजा ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालता था और विदेश में योग शिक्षक के तौर पर काम करते हुए घर पैसे भेजता था।

परिवार के मुताबिक, राजा कुछ समय पहले ही रांची आया था। हादसे के बाद परिवार अपने बेटे का अंतिम दर्शन करने और अंतिम संस्कार के लिए उसके पार्थिव शरीर के घर पहुंचने का इंतजार कर रहा है।

पांच दिन बाद भी शव भारत आने का इंतजार

राजा के पिता ने बताया कि हादसे को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक शव वियतनाम में है। परिवार की मांग है कि दोनों युवकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।