अजय शास्त्री, बेगूसराय। बीजेपी विधायक और पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने सीएम सम्राट चौधरी को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल बेगूसराय पहुंचे विजय सिन्हा ने सीएम सम्राट को लेकर किए गए एक सवाल पर कहा कि, संगठन पार्टी का निर्देश हमेशा सर्वोपरि रहा है और वो (सम्राट चौधरी) बीजेपी के नहीं NDA के मुख्यमंत्री हैं। वहीं, नीतीश सरकार में सस्पेंड CO को पुनः मनोनीत पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिहार में NDA की सरकार है जहां भ्रष्टाचार होगी सख्ती से कार्रवाई भी होगी।

मुझे पगड़ी की चिंता नहीं- विजय सिन्हा

दरअसल कल रविवार 26 अप्रैल को जिले में दानवीर भामाशाह की जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विजय सिन्हा शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक तरफ जहां उन्होंने भामाशाह के पदचिन्हों पर लोगों से चलने का आह्वान किया तो वहीं, दूसरी ओर राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा लगातार एनडीए पर हमला करने को लेकर उन्होंने कहा कि, पगड़ी की चिंता विजय सिन्हा को नहीं तेजस्वी और उनके परिवार को रहती है।

तेजस्वी ने विशेष सत्र के दौरान कसा था तंज

दरअसल बीते 24 अप्रैल को सम्राट सरकार ने बिहार विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए विशेष सत्र बुलाया था। सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि, मुख्यमंत्री (सम्राट चौधरी) लालू जी के पाठशाला के हैं। अच्छी बात है। मेरे लिए भी यह अच्छी बात है। इस दौरान उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए आगे कहा कि पगड़ी आपने जहां खोल कर रखा है, वो खोज के रखिए सम्राट जी। भाजपा और आरएसएस के लोग आपसे खुश नहीं है। विजय सिन्हा जी खुश नहीं हैं, जिसपर विजय सिन्हा ने यह प्रतिक्रिया दी है।

‘मुगलियों को खदेड़ने के लिए भामाशाह जैसे सूरवीर की जरूरत’

वहीं, बंगाल चुनाव को लेकर बाहरी मुसलमानों को लेकर हमलावर हुए बीजेपी नेता गिरिराज सिंह को लेकर विजय सिन्हा ने कहा कि, आज इन मुगलियों को खदेड़ने के लिए भामाशाह जैसे दानवीर सूरवीर की जरूरत है। गौरतलब है कि बंगाल चुनाव को लेकर सियासी बाजी अपने चरम पर है। गिरिराज सिंह का कहना है कि ममता सरकार रोहिंग्या को बसाकर पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती है, जिसे लेकर वह लगातार टीएमसी सरकार पर हमलावर हैं और यह दावा कर रहे हैं कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।

ये भी पढ़ें- वंदे मातरम् से शुरुआत, राज्य गीत के साथ समापन: बिहार में सरकारी कार्यक्रमों को लेकर नई गाइडलाइन जारी