प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित यूथ कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 15 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की। इस दौरान उन्होंने देशभर के युवाओं से संवाद भी किया और रोजगार सृजन को राष्ट्रीय आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
दुनिया पहचान रही भारत के युवाओं की ताकत
फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से लौटने के बाद कार्यक्रम में पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की युवा शक्ति, प्रतिभा और कौशल की चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत के युवाओं की क्षमता को सराहा जा रहा है और सरकार का लक्ष्य है कि हर युवा अपनी प्रतिभा को अवसर में बदल सके। इसी उद्देश्य से विकसित भारत रोजगार योजना की शुरुआत की गई है।
70 लाख रोजगार सृजित, 10 लाख युवाओं को मिला इंसेंटिव
प्रधानमंत्री ने बताया कि योजना के माध्यम से अब तक करीब 70 लाख रोजगार के अवसर सृजित किए जा चुके हैं। साथ ही, लगभग 70 लाख पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी पहली नौकरी के छह महीने पूरे कर लिए हैं, जिनमें से लगभग 10 लाख युवाओं को प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल चुका है।
‘युवाओं के परिश्रम का सम्मान है यह राशि’
PM मोदी ने कहा कि लाभार्थियों के खातों में पहुंची यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि युवाओं के परिश्रम का सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जब सरकार, उद्योग और युवा मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो रोजगार सृजन की गति कई गुना बढ़ जाती है।
ऐसे चेक करें प्रोत्साहन राशि का स्टेटस
- विकसित भारत रोजगार योजना पोर्टल पर जाएं।
- EPFO अकाउंट या UAN के जरिए लॉगिन करें।
- डैशबोर्ड में ‘Eligibility’ या ‘प्रोत्साहन राशि’ विकल्प चुनें।
- यहां राशि ट्रांसफर का स्टेटस देखा जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

