राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले से विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बार-बार शिकायत के बाद भी जब प्रशासन ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया तो परेशान होकर एक ग्रामीण अपने गले में जूतों की माला पहनकर सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गया। जनसुनवाई के दौरान हुए इस अनूठे विरोध प्रदर्शन को देख वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया।
क्या है पूरा मामला?
मामला नीमच के ग्राम सावन का है। यहां के निवासी जीतराम का आरोप है कि गांव में राजस्व अभिलेखों में दर्ज शासकीय भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर उसका उपयोग किया जा रहा है। जीतराम ने शिकायत में राहुल गुर्जर पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का सीधा आरोप लगाया है।
पीड़ित जीतराम का कहना है कि मैंने इस अतिक्रमण के खिलाफ पहले भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जब प्रशासन ने हमारी सुध नहीं ली तो मजबूरन मुझे ध्यान आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाना पड़ा।
ग्रामीण ने ज्ञापन सौंपकर की ये मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकारी जमीन की तुरंत सरकारी स्तर पर नाप-जोख कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। अतिक्रमण की पुष्टि होते ही अवैध कब्जे को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और भूमि को उसकी मूल स्थिति में बहाल किया जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जा करने वाले दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का आश्वासन
जनसुनवाई में जूतों की माला पहनकर पहुंचे ग्रामीण का यह रूप पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत ज्ञापन स्वीकार किया और पीड़ित को आश्वासन दिया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।

