मुकेश मेहता, बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी विधानसभा के भैरुंदा में अवैध रेत परिवहन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिना रॉयल्टी रेत ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली का विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक ट्रैक्टर चालक की पिटाई हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
मामला छापरी, निमोटा, बबलीखेड़ा और सनकोटा मार्ग का है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कच्चे रास्ते से रोजाना 50 से 60 रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क खराब हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने ट्रैक्टर चालकों से बिना रॉयल्टी रेत परिवहन को लेकर सवाल किए, तो कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक चालक की पिटाई कर दी गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और बिना रॉयल्टी रेत परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लाड़कुई चौकी में खड़ा कराया। इसके बाद प्रशासन की कार्रवाई शुरू हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय कई ट्रैक्टर चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन चला रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


