अनिल सक्सेना, रायसेन। जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम नकतरा में जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। भीषण गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीणों ने सागर-रायसेन मार्ग पर खाली बर्तन रखकर चक्का जाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ये भी पढ़ें : आदिवासियों का महा-आंदोलन: वन विभाग के SDO पर अवैध कटाई और प्रताड़ना के गंभीर आरोप, ADM को ज्ञापन देने से किया इनकार
क्या है पूरा मामला?
भीषण गर्मी में पानी की समस्या से जूझ रहे ग्राम नकतरा के ग्रामीणों ने सागर-रायसेन मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीण खाली बर्तन के साथ सड़क के बीचो बीच बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष वर्ग मौजूद रहा।
बूंद-बूंद पानी को तरस रहे- ग्रामीण
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जल संकट बना हुआ है। गर्मी के दिनों में हर साल यहां पानी की समस्या बनी रहती है। जिसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ता है। शासन की योजनाएं भी यहां अब तक नहीं पहुंच सकी है।
ये भी पढ़ें : शराब पार्टी में खूनी खेल: भतीजे के खून का प्यासा हुआ चाचा, फावड़े से काटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पहुंच प्रशासन ने ग्रामीणों से की बात
चक्का जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और जल्द टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और मार्ग को खोल दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

