रवि साहू, नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। इसी में से एक है नारायणपुर जिले का कारकानार गांव, जहां के ग्रामीण पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं और नाले का गंदा पानी पीने को मजबूर है। इतना ही नहीं गांव में बिजली के पोल और तार तो लगा दिए गए, लेकिन आज तक बिजली नहीं पहुंची है। इस मामले में कलेक्टर नम्रता जैन ने शुद्ध पानी के साथ ही मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

मूलभूत सुविधाओं से वंचित गांव

दरअसल, कारकानार गांव अबूझमाड़ ब्लॉक के कलमानार पंचायत के अंदर आश्रित है, जहां के 250 ग्रामीण आज भी सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। गांव में हैंडपंप जरूर लगाया गया है पर उसमें से पानी नहीं आता, जिसके कारण महिलाएं रोजाना 2 से 3 किलोमीटर का सफर तय कर पानी लाने जाती है।

काम सिर्फ कागजों तक ही सीमित

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत नल लगाने और प्लेटफॉर्म बनाने का काम, तो कर दिया गया पर वो सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया। न गांव में पाइपलाइन बिछाई गई, न पानी की टंकी बनाई गई और न ही आज तक उन नलों से एक बूंद पानी निकला। गांव में वर्षों पहले बिजली के पोल और तार तो लगा दिए गए थे, लेकिन आज तक बिजली नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क और पुल-पुलिया के अभाव में बारिश के मौसम में यहां वाहन पहुंचना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने क्या मांग की ?

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर गांव में शुद्ध पेयजल व्यवस्था की मांग की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। ग्रामीणों की मांग है कि गांव में तत्काल बोर खनन कर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए, जल जीवन मिशन का अधूरा काम पूरा किया जाए, बिजली सप्लाई शुरू की जाए और गांव तक पक्की सड़क बनाई जाए ताकि बरसात में भी आवागमन संभव हो सके।

कलेक्टर ने मामले में क्या कहा ?

नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन का इस मामले में कहना है कि कलमानार का करकानार गाँव पूर्व में घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। वहां के गांव वाले की मांग एक माह पूर्व भी आई थी और हमने वहां पर एक बोरवेल भी कराया था। हैंडपंप अभी काम नहीं कर रहा है, तो हम इसकी जांच करेंगे और आगामी एक सप्ताह में ही प्रयास किया जाएगा कि प्रशासन के द्वारा वहां का हैंडपंप रनिंग हो जाए और लोगों को शुद्ध पेयजल के साथ ही मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराया जाए।

पूर्व सरपंच ने क्या कहा ?

ग्राम पंचायत झारावाही के पूर्व सरपंच लच्छूराम कोर्राम कहते हैं कि कारकानार गांव में बहुत समस्या है न पानी है न बिजली है, गांव के लोग खेत में रुका हुआ पानी पीते हैं। गाय, बैल, बकरी अन्य मवेशी व ग्रामीण सब वहीं का पानी पीते है। अबूझमाड़ के कई गाँव के घरों में नल जल योजना के तहत सिर्फ नल व टोटी लगाकर छोड़ दिया गया है उसमे पानी नही आता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें