प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमर्दा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए ना सिर्फ 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ की बल्कि हाथापाई भी की। इस घटना में एंबुलेंस चालक और एक एसआई के घायल होने की खबर है।
जानिए कब और कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि भैंसमुडा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लीलाराम साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया।

हाथापाई कर वाहन को पहुंचाया नुकसान
सूचना पर 112 वाहन वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। इस दौरान एंबुलेंस चालक से हाथापाई की गई और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
बीच बचाव के दौरान एक एसआई सहित एंबुलेंस चालक के घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं एंबुलेंस चालक ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की कमी के कारण मौके पर पहुंचने में कुछ देरी हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

