तनवीर खान, मैहर। एमपी के मैहर विकास के दावों के बीच मैहर जिले की ग्राम पंचायत सोनवारी के मोदीनगर हरिजन एवं आदिवासी बस्ती के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यहां बरसात के मौसम में उफनते नाले को पार करना ग्रामीणों की मजबूरी बन गया है। पुलिया और सड़क नहीं होने से हर साल जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन और अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के सीएसआर विभाग से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है। कई बार आवेदन, ज्ञापन और मांग पत्र सौंपे गए, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
बुधवार को हुई बारिश के दौरान एक बार फिर समस्या सामने आई। नाला उफान पर आने से स्कूली बच्चे घंटों घर जाने के लिए नाले के दूसरी ओर खड़े रहे। लेकिन जान जोखिम में डालकर परिजनो ने बच्चों को नाला पार कराया है। वहीं महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान नाले में पानी भर जाने और कीचड़ होने से पूरी बस्ती का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग कट जाता है। ऐसे में किसी बीमार व्यक्ति या आपात स्थिति में बड़ी परेशानी खड़ी हो जाती है।
ग्रामीण राघवेंद्र अहिरवार ने बताया कि पुलिया निर्माण की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच कृष्णाबाई उमाकांत उपाध्याय भी वर्ष 2024 और 2025 में जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर पुलिया निर्माण की मांग कर चुकी हैं, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीएसआर मद से मोदीनगर हरिजन एवं आदिवासी बस्ती में नाले पर रपटा (पुलिया) और पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और अल्ट्राटेक कंपनी से शीघ्र कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


